BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल...

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करें — मुख्य सचिव

जयपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि नशा समाज के लिए एक अभिशाप है, जो हर वर्ग को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत के निर्माण के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार हर स्तर पर मिलकर कार्य कर रही है। श्री श्रीनिवास शुक्रवार को शासन सचिवालय में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नशा मुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजस्थान में इस अभियान के तहत 80 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के सचिवों एवं जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करें तथा केन्द्र सरकार से अभियान के संबंध में प्राप्त दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान से ऐसे लोगों को भी जोड़ा जाए, जिन्होंने नशे की लत को छोड़ दिया है। उनके अनुभवों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्री दिनेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2020 से संचालित इस अभियान के माध्यम से राज्य के सभी जिलों में अब तक 1 करोड़ 35 लाख 46 हजार 605 लोगों को जागरूक किया गया है। साथ ही 3 हजार 735 नशा मुक्ति मित्र पंजीकृत किए गए हैं, जो नशा प्रभावित व्यक्तियों की सहायता कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न प्रकार की जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। आयोजित कार्यक्रमों की जियो-टैगिंग के साथ फोटो भी अपलोड की जाएंगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, कौशल एवं उद्यमिता एवं रोजगार विभाग श्री संदीप वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग श्री कुलदीप रांका सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित जिला कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

संबंधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Posts by mntnewsbharat
@mntnewsbharat
Follow @mntnewsbharat