BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार तिरंगे में लिपटकर घर लौटा शिवपुरी का लाल, ITBP जवान नीरज की...

तिरंगे में लिपटकर घर लौटा शिवपुरी का लाल, ITBP जवान नीरज की पार्थिव देह पहुंची भौंती

शिवपुरी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में लगभग दो दशकों तक देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात रहे जवान नीरज शर्मा का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके पैतृक कस्बे भौंती (मध्य प्रदेश) लाया गया। राष्ट्रीय ध्वज में लिपटे जवान के अंतिम दर्शन के लिए समूचा कस्बा उमड़ पड़ा। देशभक्ति के नारों और गमगीन माहौल के बीच सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

ITBP के जवानों की मौजूदगी में नीरज का पार्थिव शरीर उनके निज निवास लाया गया। कस्बे की मुख्य सड़कों से निकली अंतिम यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय' और 'नीरज शर्मा अमर रहें' के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। अंतिम संस्कार स्थल पर ITBP की टुकड़ी द्वारा गॉर्ड ऑफ ऑनर दिए जाने के पश्चात उनके छोटे भाई प्रदीप शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

ड्यूटी पर लौटते वक्त अचानक बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार, नीरज शर्मा पिछले एक वर्ष से लेह-लद्दाख में ITBP की अग्रिम चौकी पर तैनात थे। अवकाश व्यतीत करने के बाद वे 14 सितंबर को पुन: ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। दिल्ली स्थित ITBP मुख्यालय पहुंचने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। 16 सितंबर को मुख्यालय से परिजनों को अस्वस्थता की सूचना दी गई, किंतु परिजनों के दिल्ली पहुंचने से पूर्व ही उनका निधन हो गया।

19 वर्षों तक देश को दी निष्ठावान सेवाएं

नीरज शर्मा वर्ष 2007 में ITBP में आरक्षक (जीडी) के पद पर भर्ती हुए थे। उन्होंने लगभग 19 वर्षों तक बल के माध्यम से देश के विभिन्न और कठिन दुर्गम क्षेत्रों में अपनी निष्ठावान सेवाएं दीं। वे अपने पीछे पत्नी और 16 वर्ष की पुत्री को छोड़ गए हैं। जवान की असामयिक शहादत और निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here