आजमगढ़: कन्धरापुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चोरी, नकबजनी और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ कन्धरापुर थाने में चोरी, वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियुक्त सत्यम यादव और उसके साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में वांछित चल रहे सत्यम यादव की तलाश पुलिस कर रही थी।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित अभियुक्त टण्डवा त्रिमुहानी के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर करीब 7:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सत्यम यादव पुत्र त्रिभुवन यादव, निवासी ग्राम टण्डवा, थाना कन्धरापुर, आजमगढ़, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सत्यम यादव के खिलाफ कन्धरापुर थाने में वर्ष 2025 में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और वाहन चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य, आरक्षी हरिशंकर त्रिपाठी और आरक्षी मनीष चौधरी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
The post आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित गिरफ्तार, चोरी-नकबजनी और वाहन चोरी के मामलों में था आरोपी appeared first on Breaking Tube.




















