BREAKING NEWS
खबरें लोड हो रही हैं...
Home राष्ट्रीय समाचार बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या...

बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, दो साथियों संग गिरफ्तार

बलिया: जनपद के रसड़ा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद में हुए दिल दहला देने वाले मां-बेटी डबल मर्डर केस की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। रसड़ा कोतवाली, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने वारदात का अनावरण करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन आरोपियों को धर दबोचा। चौंकाने वाली बात यह है कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने वाला परिवार का मुखिया ही अपनी पत्नी और दृष्टिहीन बेटी का हत्यारा निकला।

​पुलिस जांच में सामने आया कि वादी रामचीज गुप्ता की पत्नी मान्ती देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि बेटी गौरी दृष्टिहीन थी। पत्नी की मानसिक बीमारी और बेटी के दिव्यांग होने के कारण रामचीज समाज में खुद को अपमानित महसूस करता था। पत्नी अक्सर बिना कपड़ों के गांव और चट्टी की तरफ निकल जाती थी और कई दिनों तक गायब रहती थी। उस दौरान दृष्टिहीन बेटी दूसरों के घरों से मांगकर पेट भरने को मजबूर थी। इसी सामाजिक हीनभावना और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने के डर से रामचीज ने दोनों को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

Also Read: डीएम ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश, स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले

​रामचीज ने अपने गांव के ही दो युवकों, चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को अपनी योजना में शामिल किया। पहले दोनों हिचकिचा रहे थे, लेकिन 16 सितंबर की शाम वे तैयार हो गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर धारदार हथियार (दाव) से मान्ती देवी और गौरी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद बेटी के शव को पास के खेत में फेंक दिया गया, जबकि खून के धब्बे साफ कर रामचीज ने गांव में अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या किए जाने का झूठा नाटक रचा।

​मुखबिर की सटीक सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने 19 सितंबर की भोर में सिधागरघाट के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपी रामचीज गुप्ता, चंदन यादव और दिनेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।कब्जे से आला कत्ल (दाव), ​घटना के वक्त पहने गए खून से सने कपड़े (रामचीज का कुर्ता व चंदन यादव की टी-शर्ट), ​रसड़ा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

The post बलिया में डबल मर्डर का खुलासा, पत्नी और दृष्टिहीन बेटी की हत्या का मास्टरमाइंड निकला पति, दो साथियों संग गिरफ्तार appeared first on Breaking Tube.