सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को जयसिंहपुर तहसील पहुंचकर एसडीएम संदीप कुमार यादव को ज्ञापन सौंपा। संघ ने लेखपाल संवर्ग की लंबे समय से लंबित मांगों पर शासन स्तर से जल्द प्रभावी निर्णय लेने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार और सीमित संसाधनों के बीच लेखपाल अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
बढ़ते काम के बीच संसाधनों की कमी का मुद्दा
संघ ने ज्ञापन में कहा कि लेखपालों को राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, वरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों का दायित्व निभाना पड़ता है। इसके बावजूद संसाधनों की कमी, अतिरिक्त कार्यभार, लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति और अवकाश के दिनों में ड्यूटी जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। संघ ने इन मुद्दों के समाधान की मांग की।
Also Read: UP: निलंबन पर बवाल! अमेठी में लेखपालों ने बस्ता जमा कर खोला मोर्चा
पदोन्नति और स्थानांतरण समेत कई मांगें
लेखपाल संघ ने अंतरमंडलीय स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने और चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने की मांग की। इसके अलावा चयन वर्ष 2024 के लेखपालों की विभागीय परीक्षा का परिणाम और प्रमाणपत्र जारी करने की मांग भी रखी गई। संघ ने स्टेशनरी के साथ मोटरसाइकिल/वाहन भत्ते में बढ़ोतरी की मांग भी ज्ञापन में शामिल की है।
वेतन विसंगति दूर करने और सुविधाएं बढ़ाने की मांग
संघ ने लेखपालों को भूलेख और अन्य सहायक पटलों के अतिरिक्त कार्यों से मुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में बैठने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही प्रारंभिक वेतनमान को 2800 ग्रेड-पे के अनुरूप करने, वेतन विसंगतियां दूर करने और लेखपाल पद को टेक्निकल पद घोषित करने की मांग भी उठाई गई।
22 सितंबर से आंदोलन की चेतावनी
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलनात्मक कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि मांगों के समाधान से लेखपालों का मनोबल बढ़ेगा और राजस्व कार्यों के संचालन में भी सहूलियत होगी। वहीं तहसील मंत्री विपिन कुमार यादव ने कहा कि संघ की मांगें केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने से भी है।
The post सुल्तानपुर: लेखपालों की लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन की तैयारी, 22 सितंबर से आंदोलन का ऐलान appeared first on Breaking Tube.



















