रिपोर्ट – सुशील शर्मा (मंडल ब्यूरो चीफ, बस्ती)
बस्ती। रुधौली-बांसी मार्ग पर लापरवाही का एक ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बांस-बल्ली लादने के दौरान फेंकी गई रस्सी बाइक पर पीछे बैठे युवक के गले में जा फंसी। रस्सी के अचानक गले में फंसते ही बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, नितेश कुमार श्रीवास्तव पुत्र विजेंद्र कुमार अपने साथी शेखर श्रीवास्तव के साथ बस्ती स्थित अपने घर से बांसी जा रहे थे। इसी दौरान नगर पंचायत रूधौली क्षेत्र में बस्ती-बांसी मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बांस-बल्ली लादने का काम चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों द्वारा फेंकी गई रस्सी बाइक के पीछे बैठे नितेश के गले में फंस गई। अचानक हुए इस हादसे से बाइक अनियंत्रित हो गई और नितेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल नितेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रूधौली पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाइक चला रहे शेखर श्रीवास्तव को हल्की चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को भी कब्जे में लिया है। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मेडिकल स्टोर चलाते थे नितेश, परिवार में पसरा मातम
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक नितेश श्रीवास्तव खलीलाबाद में मेडिकल स्टोर चलाते थे। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। किसी काम से वह साकेतनगर, रौता चौराहा स्थित अपने घर से बांसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुआ यह हादसा उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
सड़क किनारे लोडिंग पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर बांस-बल्ली लादने और बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के काम किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि आखिर व्यस्त मार्ग पर इस तरह सामान लादने के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई? एक पल की कथित लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। अब लोगों की निगाहें पुलिस जांच और जिम्मेदार लोगों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

















