डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडिगो और एअर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोमवार को हुई एक बैठक में संसदीय समिति ने हवाई किरायों में बढ़ोतरी पर चिंता जताई। इस पर एयरलाइन अधिकारियों ने समिति को बताया कि विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों और पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने से उनकी परिचालन लागत बढ़ रही है।
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा की अध्यक्षता वाली सार्वजनिक उपक्रमों संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने सोमवार को दिन के दूसरे हिस्से में दोनों विमानन कंपनियों के अधिकारियों से मुलाकात की। इससे पहले दिन में उनकी बैठक नागरिक विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के महानिदेशकों साथ हुई।
सूत्र ने बताया कि इस बैठक में भारत में वैश्विक विमानन के तौर-तरीके अपनाने के लिए किए जा रहे उपायों और विमान सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
गौरतलब है कि देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो को सितंबर तिमाही में ईंधन की ऊंची कीमतों और रुपये के मूल्य में गिरावट के चलते 1,879.1 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े पैमाने पर उड़ानें संचालित करने वाली एअर इंडिया का घाटा भी 2025-26 में करीब दोगुना हो गया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
