आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन और बूथ स्तर पर तैयारी तेज की है। गुरुवार को गिलौला ब्लॉक सभागार में विधानसभा क्षेत्र 290-श्रावस्ती के शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई।
.
बैठक में चुनावी रणनीति, मतदाता संपर्क अभियान और बूथों पर पार्टी का जनाधार बढ़ाने पर चर्चा की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा, विधायक राम फेरन पांडेय और विधानसभा प्रभारी सच्चिदानंद पाठक मौजूद रहे। विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों के अध्यक्ष, संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की शक्ति है। उन्होंने संगठन के विस्तार और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। साथ ही कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने को कहा।
जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा और विधानसभा प्रभारी सच्चिदानंद पाठक ने शक्ति केंद्र से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। बैठक में मतदाता सूची पर ध्यान देने, नए मतदाताओं को जोड़ने और छूटे हुए मतदाताओं के नाम शामिल कराने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। घर-घर संपर्क के जरिए पार्टी के पक्ष में जनसमर्थन बढ़ाने की बात कही गई।
बैठक में गिलौला मंडल अध्यक्ष रमेश कुमार यादव, दत्तनगर मंडल अध्यक्ष, लक्ष्मणनगर मंडल अध्यक्ष दीपांकर कश्यप, इकौना मंडल अध्यक्ष सत्यराम विश्वकर्मा और श्रावस्ती मंडल अध्यक्ष मनोज दुबे मौजूद रहे। पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर दयाल पांडेय, जिला महामंत्री सुनील चौधरी और सत्यव्रत सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पूजा पांडेय, प्रवेश आर्य और सतीश जायसवाल भी शामिल हुए।
बैठक में कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की जिम्मेदारियां सक्रियता से निभाने को कहा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया।

































