Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश पराली जलाई तो लगेगा 30 हजार तक जुर्माना:बिना एसएमएस मशीन वाले कंबाइन...

पराली जलाई तो लगेगा 30 हजार तक जुर्माना:बिना एसएमएस मशीन वाले कंबाइन हार्वेस्टर पर भी होगी कार्रवाई, जैविक खाद बनाने पर जोर

0
4

श्रावस्ती में धान की कटाई के बाद खेतों में पराली (फसल अवशेष) जलाने वाले किसानों की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), नई दिल्ली के आदेश के तहत पराली जलाने वाले किसानों पर प्रति घटना 5 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक का भारी अर्थदंड लगाया जाएगा। गुरुवार दोपहर करीब 2:00 बजे कृषि विभाग की ओर से यह जानकारी दी गई। उप कृषि निदेशक रामाश्रय यादव ने बताया कि पराली जलाने से खेत की मिट्टी में मौजूद मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं और धीरे-धीरे भूमि की उर्वराशक्ति भी कम होती जाती है। जमीन के रकबे के हिसाब से तय हुआ जुर्माना उप कृषि निदेशक ने जुर्माने के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि दो एकड़ से कम कृषि भूमि वाले किसानों पर पराली जलाने की प्रत्येक घटना पर 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया जाएगा। इसी तरह, दो एकड़ से अधिक और पांच एकड़ तक भूमि वाले किसानों पर 10 हजार रुपए तथा पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों पर प्रति घटना 30 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया जाएगा। कंबाइन हार्वेस्टर में एसएमएस मशीन अनिवार्य प्रशासन ने कटाई मशीनों को लेकर भी सख्त नियम लागू किए हैं। प्रदेश में धान की कटाई के लिए कंबाइन हार्वेस्टर के साथ एसएमएस (स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम) अथवा स्ट्रारीपर का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है। बिना एसएमएस मशीन के कंबाइन हार्वेस्टर चलाने वाले मालिकों के विरुद्ध भी सिविल दायित्व निर्धारित करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पराली जलाने के बजाय जैविक खाद बनाने का विकल्प कृषि विभाग पराली प्रबंधन के लिए किसानों को वैकल्पिक समाधान भी उपलब्ध करा रहा है। पराली से जैविक खाद तैयार करने के लिए विभाग द्वारा वेस्ट डी-कम्पोजर का वितरण किया जाएगा। इसके घोल का पराली के ढेर पर छिड़काव करने से महज दो सप्ताह में अच्छी गुणवत्ता की जैविक खाद तैयार हो जाती है। इसके अलावा ‘पराली दो, खाद लो’ अभियान के तहत किसानों से पराली लेकर गौशालाओं तक पहुंचाई जा रही है और बदले में उन्हें खाद उपलब्ध कराई जा रही है। होर्डिंग, वॉल पेंटिंग और प्रचार वाहनों से जागरूकता किसानों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक करने के लिए जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उप कृषि निदेशक के मुताबिक, जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, तहसीलों, ब्लॉक कार्यालयों, कृषि मंडियों और पेट्रोल पंपों सहित प्रमुख स्थानों पर 24 स्थायी होर्डिंग लगवाई गई हैं। इसके साथ ही धान की अधिक खेती और पराली जलाने की आशंका वाले क्षेत्रों में 155 स्थानों पर वॉल पेंटिंग कराई गई है, जबकि गांव-गांव संदेश पहुंचाने के लिए पांच प्रचार वाहन भी भ्रमण कर रहे हैं।