विवाहिता की मौत के मामले में पति और सास-ससुर गिरफ्तार:श्रावस्ती में दहेज प्रताड़ना का लगा आरोप, मां से बात के बाद मिली मौत की खबर

0
6

श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़ी मोहल्ले में बीते बृहस्पतिवार हुई 20 साल की मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। रविवार शाम 4 बजे पुलिस ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दरअसल इकौना कस्बे के पटेल नगर के रहने वाले रोज अली ने करीब डेढ़ साल पहले बेटी मुस्कान का निकाह भिनगा के हनुमानगढ़ी के रहने वाले शोएब से किया था। मुस्कान की करीब ढाई महीने की बच्ची है। ससुराल के मुताबिक गुरुवार को मुस्कान अपने कमरे में गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर ससुराल वालों ने खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुस्कान के पिता रोज अली ने आरोप लगाया कि पिछले चार-पांच दिनों से दामाद शोएब उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहा था। मुस्कान फोन पर अपनी मां को परेशानी बताती थी। मायके पक्ष ने उसे घर बुलाने की बात कही थी, लेकिन ससुराल वालों ने दीपावली के बाद भेजने का आश्वासन दिया। पिता के मुताबिक, घटना वाले दिन भी मुस्कान ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। करीब दो घंटे बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। मायके पक्ष ने अनहोनी की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि मुस्कान ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मुस्कान की मां नसरीन की शिकायत पर 29 अक्टूबर को केस दर्ज किया गया था। दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 लगाई गई हैं। पुलिस ने हनुमानगढ़ी स्थित घर से पति शोएब, ससुर खुर्शीद और सास को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here