श्रावस्ती :जनपद मे धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए श्रावस्ती पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारी बाजारों में गश्त कर इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं।बुधवार रात्रि 7 बजे के बाद अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने पुलिस बल के साथ भिनगा कस्बे में पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस बाजारों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी कर रही है। एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित पैदल गश्त और पेट्रोलिंग करने को भी कहा।एसपी ने यातायात व्यवस्था ठीक रखने और संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस ने त्योहारों के दौरान बाजारों में आवाजाही और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की बात कही। अधिकारियों ने व्यापारियों और आम लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बीते मंगलवार रात भी एसपी राहुल भाटी ने भिनगा के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों से बात कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एएसपी चंद्रकेश सिंह ने सिरसिया के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस व्यवस्था देखी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर आलोक कुमार सिंह, भिनगा के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
