श्रावस्ती: जनपद की ग्राम पंचायत ददौरा में गणेश चतुर्थी के अवसर पर 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू हो गया है। गणेश पूजा समिति ने इसका आयोजन किया है। यह महोत्सव 14 सितंबर से शुरू होकर 24 सितंबर तक चलेगा। महोत्सव के पहले दिन सोमवार को कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश जी की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिमा स्थापना के बाद श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा। महोत्सव के पहले दिन शाहजहांपुर से आईं कथा वाचक प्राची चैतन्य ने गणेश कथा सुनाई। उन्होंने भगवान गणेश के जन्म, उनके महत्व और विघ्नहर्ता के रूप में उनकी महिमा बताई। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि अगले 10 दिनों तक रोज पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और कथा का आयोजन होगा। महोत्सव का समापन 24 सितंबर को हवन-पूजन के साथ होगा। इसी दिन भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर गणेश पूजा समिति के सभी पदाधिकारी, ग्राम प्रधान और गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु मौजूद थे।
Home उत्तर प्रदेश न्यूज़ श्रावस्ती के ददौरा में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू:शाहजहांपुर की प्राची चैतन्य...



















