तस्करों का सोना हड़पने के लिए रची खुद के अपहरण की झूठी साजिश, 12 KM तक पीछा कर पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार

0
1

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के करिपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे।

यहां एक महिला ने दुबई से लाए गए सोने को हड़पने के लिए खुद के अपहरण की एक ऐसी फिल्मी साजिश रची, जिसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। 12 किलोमीटर तक चली खतरनाक पुलिस चेज और सीसीटीवी फुटेज ने इस अनोखे गोल्ड-स्मगलिंग कांड का पर्दाफाश कर दिया है।

समझिए क्या है पूरा मामला?

पुलिस जांच के मुताबिक, थालास्सेरी की रहने वाली प्रियंका नाम की महिला दुबई से करीब करीब 144 ग्राम सोना लेकर एयरपोर्ट पर उतरी थी। इस सोने को उसे एयरपोर्ट के बाहर इंतजार कर रहे जाबिर नाम के शख्स को सौंपना था।

लेकिन प्रियंका के मन में कुछ और ही चल रहा था। उसने जाबिर को सोना देने के बजाय उसे खुद हड़पने की साजिश रची। इसके लिए उसने कन्नूर के रहने वाले तीन युवकों श्रीलाल, प्रिंस और सुबिथ के साथ मिलकर अपने ही अपहरण का नाटक रच डाला।

परिवार को बनाया ढाल

मिली जानकारी के अनुसार शातिर प्रियंका ने अपनी इस साजिश में अपने ही पति और बच्चों को शामिल कर लिया, जिन्हें इस बात की कोई भनक तक नहीं थी। उसने श्रीलाल को अपने पति और बच्चों के साथ गाड़ी लेकर एयरपोर्ट पर बुलाया था। पुलिस का मानना है कि उसने परिवार को सिर्फ इसलिए साथ रखा ताकि किसी को शक न हो और मामला एक आम पारिवारिक यात्रा जैसा लगे।

ऐसे हुआ शक और फिर शुरू हुई ‘फिल्मी चेज’

यह पूरा वाकया सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ। करिपुर एयरपोर्ट के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) इलाके में तस्करी के मामलों की जांच कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि एक नीले रंग की मारुति बलेनो कार के पीछे एक शख्स बहुत बुरी तरह से भाग रहा है। कार में प्रियंका बैठी थी और वह तेजी से वहां से निकल रही थी।

पुलिस अधिकारी को मामला अपहरण का लगा और उन्होंने तुरंत अपनी जीप से गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। यह रोमांचक पीछा करीब 12 किलोमीटर तक पुलिक्कल एंडियोरकुन्नू तक चला।

बीच रास्ते में जब पुलिस ने अपनी जीप से बलेनो कार को घेरने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने अचानक गाड़ी को तेजी से रिवर्स किया और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने हार नहीं मानी और आखिरकार घेराबंदी कर गाड़ी को पकड़ ही लिया और उसमें सवार लोगों को दबोच लिया।

कौन था वो शख्स जो गाड़ी के पीछे भागा था?

गौरतलब है कि पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि जो व्यक्ति कार के पीछे पैदल भाग रहा था, वह कोई और नहीं बल्कि जाबिर था वही शख्स जिसे दुबई से लाया गया सोना मिलना था। पुलिस ने जाबिर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, पुलिस ने प्रियंका के पति को इस पूरी साजिश से पूरी तरह बेकसूर मानते हुए क्लीन चिट दे दी है। पुलिस का कहना है कि पति और बच्चों को मोहरा बनाया गया था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने जिन तीन अन्य आरोपियों श्रीलाल, प्रिंस और सुबिथ को पकड़ा है, उनका आपराधिक इतिहास रहा है और वे कई अन्य मामलों में भी आरोपी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here