डिजिटल डेस्क, अगरतला। त्रिपुरा के अशाबारी में सोमवार को कुछ उपद्रवियों ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने तीनों BSF जवानों को डंडे से वार किया और साथ ही एक गाड़ी भी तोड़ दी।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इन उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर हमले को गंभीर चिंता का विषय बताया।
BSF जवानों से हथियार छीनने की कोशिश
तस्करों के एक समूह ने सोमवार सुबह त्रिपुरा के बॉक्सा नगर इलाके के अशाबारी में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के तीन जवानों पर बेरहमी से हमला किया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
इस मामले में अभी तक यह जानकारी सामने आई है कि हमलावरों ने घायल जवानों से हथियार छीनने की कोशिश की और एक सरकारी वाहन की भी तोड़फोड़ की।
मुख्यमंत्री ने सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस हमले पर चिंता जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘मैं अशाबारी में हमारे बहादुर BSF जवानों पर उपद्रवियों के एक समूह द्वारा किए गए बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं।’
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘हमारे सुरक्षा बलों के खिलाफ हिंसा की ऐसी घटनाएं पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इनकी जितनी निंदा की जाए, कम है। हमारे सुरक्षाकर्मियों पर कोई भी हमला गंभीर चिंता का विषय है और कानून के तहत उनसे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।’












