डिजिटल डेस्क, इंफाल। मणिपुर के सेनापति जिले में दो युवकों के क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद कांगपोकपी जिले में सोमवार को प्रदर्शनकारियों की सुरक्षाबलों से झड़प हो गई।
प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों पर पत्थर भी फेंके। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। एक प्रदर्शनकारी के सिर में चोट आई है। उसकी हालत स्थिर है।
अधिकारियों ने बताया कि कांगपोकपी जिले के एक गांव से लापता हुए दो युवकों के क्षत-विक्षत शव रविवार को सेनापति जिले में केले के खेत में बोरियों में मिले थे। शव मिलने के बाद रविवार रात कांगपोकपी जिले के कई इलाकों में प्रदर्शन शुरू हो गए। सोमवार को अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए।
इस बीच हत्या के विरोध में कुकी संगठन कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने बंद 48 घंटे और बढ़ा दिया है। शव मिलने के बाद संगठन ने रविवार से जिले में 24 घंटे के बंद का आह्वान किया था। संगठन ने सरकार पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
