डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की आंतरिक सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीआरपीएफ के जवानों ने लगातार 12 महीने यानी पूरे एक साल तक किसी भी अभियान में अपने किसी साथी को नहीं खोया। इसका मतलब है कि एक साल में सीआरपीएफ को अपने किसी भी अभियान में किसी जवान की जान नहीं गंवानी पड़ी।
बता दें कि आखिरी बार 30 अक्टूबर 2025 को सीआरपीएफ के जवान ने अभियान के दौरान वीरगति प्राप्त की थी। सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह के अनुसार 47 साल बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे पहले जनवरी 1979 में यह रिकार्ड बना था।
सीआरपीएफ के महानिदेशक ने एक्स पर पोस्ट कर इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आधुनिक और अत्याधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, बेहतर प्रशिक्षण, रणनीतिक योजना और अभियान के बाद तत्काल चिकित्सा सहायता ने इस उपलब्धि को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों समेत सभी प्रमुख मोर्चों पर तैनाती के बावजूद सीआरपीएफ ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।
(आइएएनएस के इनपुट के साथ)
