पनियरा थाने के नए थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से परिचय लिया और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। नए थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि वह गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं और 2015 बैच के सब इंस्पेक्टर हैं। इससे पहले वह महराजगंज जिले के घुघुली और कोल्हुई थाने में तैनात रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि पनियरा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के साथ अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम के साथ मिलकर काम किया जाएगा। अपराध रोकने के साथ ही अपराधियों के खिलाफ नियमों के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने फरियादियों की समस्याओं को जल्दी सुलझाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि थाने पर अपनी समस्या लेकर आने वाले लोगों को न्याय के लिए बार-बार थाने के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उन्हें सुलझाया जाएगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करें और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनें। नए थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के बाद क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं।
UP: मां की आंखों के सामने नदी में समाया प्रियांशु, 26...
बांदा: मां की आंखों के सामने चंद्रावल नदी में समाए पांच वर्षीय प्रियांशु पाल की तलाश 26 घंटे बाद उस समय खत्म हुई,जब...



























