
महराजगंज के भिटौली थाना क्षेत्र के सोहसा बासपार गांव में बुधवार देर रात छह अज्ञात युवक दो से तीन घंटे तक घूमते दिखे। ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने युवकों को घेरकर पुलिस को सूचना दी। ये युवक दो बाइक से गांव में पहुंचे थे। ग्रामीणों ने छिपकर उनका पीछा किया। गांव के बाहर एक मकान के पास पहुंचने पर युवक आपस में कपड़े बदलने लगे। यह देखकर ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी छह युवकों को थाने ले गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें ग्रामीण युवकों से देर रात गांव में घूमने का कारण पूछते दिख रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वेश यादव ने गुरुवार शाम पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में युवकों ने किसी महिला को सामान देने जाने की बात कही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





























