US मिडटर्म चुनाव से पन्नू और शेख हसीना के पासपोर्ट तक: विदेश मंत्रालय ने क्या-क्या कहा?

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार को विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया।

इसमें अमेरिकी अदालत के समन, USCIRF की टिप्पणियों, चीन द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार, रणनीतिक साझेदारियों और विभिन्न वैश्विक घटनाक्रमों पर भारत की विस्तृत प्रतिक्रिया शामिल है।

पन्नू के खिलाफ भारत का सख्त रुख

विदेश मंत्रालय ने न्यू यॉर्क में सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की याचिका पर अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा भारत सरकार को सिविल केस के समन सौंपे जाने की खबरों पर सख्त रुख अपनाया।

प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल सहित शीर्ष भारतीय अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण करार दिया।

जायसवाल ने इस मुकदमे को तुच्छ और बेबुनियाद बताते हुए स्पष्ट किया कि भारत में किसी भी न्यायिक दस्तावेज की तामील केवल भारत के नामित केंद्रीय प्राधिकरण यानी कानून और न्याय मंत्रालय के माध्यम से ही की जा सकती है।

बता दें कि यह मामला 2023 में पन्नू की हत्या की साजिश के कथित आरोपों और अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा आरोपी निखिल गुप्ता और विकास यादव के खिलाफ की जा रही जांच से जुड़ा है। भारत ने पहले ही इन चिंताओं की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है और इस दीवानी मुकदमे को पूरी तरह से अनुचित और असत्य बताकर खारिज कर दिया है।

USCIRF को करारा जवाब

भारत में गुरुद्वारों, चर्चों और मस्जिदों सहित धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने के USCIRF के दावों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए विदेश मंत्रालय ने इस संगठन की साख पर सवाल उठाए। रणधीर जायसवाल ने कहा कि USCIRF एक पक्षपाती, अल्पज्ञानी और स्पष्ट राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित संगठन है।

रणधीर जायसवाल ने कहा, यह बेहद ध्यान देने योग्य बात है कि USCIRF और उसके आयुक्तों ने अमेरिका में धार्मिक स्थलों पर होने वाले हमलों और वहां भारतीय समुदाय को निशाना बनाकर किए जाने वाले हेट क्राइम व नस्लीय हमलों पर लगातार चुप्पी साध रखी है। ऐसे पूर्वाग्रह से ग्रस्त संगठनों को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता।

चीनी नागरिकों द्वारा दुष्प्रचार का पर्दाफाश

बांग्लादेश की राजधानी ढाका के झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में चीनी नागरिकों द्वारा वीडियो शूट कर उन्हें सोशल मीडिया पर नई दिल्ली का बताकर प्रसारित करने के मामले पर विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई।

जायसवाल ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि किसी देश की ऐसी विकृत तस्वीर पेश करने से केवल दुष्प्रचार करने वालों और उनके पीछे मौजूद ताकतों की अपनी विश्वसनीयता खत्म होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

रिपोर्टों के अनुसार, चीनी व्लॉगर्स ढाका की झुग्गियों को दिल्ली का बताकर भारत के रहन-सहन, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था पर अनधिकृत रूप से अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीतिक पहल

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत का स्पष्ट मानना है कि शांति केवल कूटनीति और संवाद के जरिए ही स्थापित हो सकती है।

प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने रूस और यूक्रेन दोनों देशों के सामने कुछ व्यावहारिक सुझाव रखे हैं, जिनमें काला सागर में जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, दोनों देशों की ऊर्जा निर्यात और खाद्य आपूर्ति से जुड़ी चिंताओं का समाधान और परस्पर गैर-आक्रमण की संभावनाओं की तलाश करना शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जेलेंस्की से वार्ता के दौरान मानवीय पहलुओं पर जोर दिया, जिसके तुरंत बाद भारतीय विदेश मंत्री ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से बात कर जारी कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की।

इजरायल के साथ द्विपक्षीय संबंध

इजरायल में हुए चुनावों और वहां बनने वाली नई सरकार के संदर्भ में विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच बहुआयामी और रणनीतिक संबंध बेहद मजबूत हैं। नई सरकार का गठन होने पर भारत उनके साथ वार्ता जारी रखेगा और इन संबंधों को और अधिक ऊंचाई पर ले जाएगा।

होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा

होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत वहां सुरक्षित, स्वतंत्र और अबाध नौवहन की वकालत करता है। नागरिक जहाजों और भारतीय ध्वज वाले पोतों के साथ-साथ भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है।

मर्चेंट नेवी कैप्टन अजय पंत का मामला

ब्रिटेन में गिरफ्तार भारतीय मर्चेंट नेवी के मास्टर कैप्टन अजय पंत के मामले में प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय उच्चायोग कैप्टन के वकीलों और परिजनों के लगातार संपर्क में है। उच्चायोग ने उनका हालचाल लेने के लिए कई बार मुलाकात की है और हाल ही में 9 नवंबर को उनकी पत्नी की मुलाकात भी सुगम कराई है।

भारत सरकार उनकी सुरक्षा और भलाई के लिए ब्रिटेन के विदेश कार्यालय के साथ मिलकर हरसंभव प्रयास कर रही है।

नेपाल के प्रधानमंत्री का भारत दौरा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे को लेकर कहा कि, नेपाल के प्रधानमंत्री को भारत आने का औपचारिक निमंत्रण भेजा जा चुका है और दोनों पक्षों के बीच यात्रा की तारीखों व तैयारियों पर चर्चा जारी है। इस दौरे के दौरान भारत-नेपाल के व्यापक और विशेष द्विपक्षीय संबंधों के सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री का प्रत्यर्पण

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण के सवाल पर विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह एक कानूनी प्रक्रिया और मामला है, जिससे नियमानुसार कानूनी तौर पर ही निपटा जाएगा।

क्वाड सम्मेलन को लेकर साफ किया रुख

हाल ही में क्वाड शिखर सम्मेलन के उच्चस्तरीय कार्यक्रमों और अटलांटा में G20 की बैठकों से इतर हुई विदेश मंत्रियों की बैठकों का जिक्र करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि आने वाले समय में क्वाड के शिखर स्तर और अन्य उच्चस्तरीय सम्मेलनों की जानकारी साझा की जाएगी।

अमेरिकी मिडटर्म चुनावों को बताया आंतरिक मामला

अमेरिकी मध्यअवधि चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए रणधीर जायसवाल ने इसे अमेरिका का आंतरिक मामला बताया। हालांकि, उन्होंने रेखांकित किया कि भारत और अमेरिका के संबंधों को वहां दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों द्विपक्षीय समर्थन का समर्थन प्राप्त है, और भारत अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना जारी रखेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here