यूपी में बुरा हाल, कर्नाटक में सूपड़ा साफ… चार राज्यों की 28 एमएलसी सीटों पर कांग्रेस का नहीं खुला खाता

0
5

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार और महाराष्ट्र में विधान परिषद (एमएलसी) की 28 सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी का खाता तक नहीं खुला है। बैलेट पेपर (मतपत्र) से कराए गए द्विवार्षिक चुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। इन चुनावों में केवल स्नातक और शिक्षक मतदाता ही हिस्सा ले सकते हैं।

प्रेट्र के अनुसार, उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अब तक आठ सीटों के परिणाम घोषित किए गए हैं। इनमें से पांच सीट पर भाजपा और तीन पर सपा ने जीत हासिल की है।

यूपी में कांग्रेस का बुरा हाल 

वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है। मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के आकाश अग्रवाल, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो ने जीत हासिल की है।

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद चुनाव को भाजपा और सपा के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है।

बिहार में कैसा रहा प्रदर्शन?

पटना से राज्य ब्यूरो के अनुसार, बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक के चार-चार क्षेत्रों के चुनाव के अंतिम परिणाम आ गए। भाजपा को तीन और राजद, जदयू तथा जन सुराज पार्टी को एक-एक सीट पर जीत मिली।

निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो सीटों पर परचम लहराया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार चुनाव जीत गए हैं। मोकामा के जदयू विधायक (अब पार्टी से निलंबित) अनंत सिंह के समर्थन वाले जनसुराज के अनुज सिंह तीसरे नंबर पर रहे।

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार चुनाव जीते भाजपा के नवल किशोर यादव इस बार हार गए हैं। कर्नाटक का परिणाम कांग्रेस के लिए खासतौर पर निराशाजनक रहा। भाजपा-जदएस ने सत्तारूढ़ पार्टी को चार में से एक भी सीट नहीं जीतने दी।

जदएस ने कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि भाजपा ने तीन सीटें बरकरार रखीं। इस नतीजे से कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसे भाजपा-जदएस के नेतृत्व में विपक्ष के एकजुट होने का परिणाम माना जा रहा है।

महाराष्ट्र में महायुति तीन सीटों पर आगे

महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ महायुति तीन सीटों पर आगे है, जबकि विपक्षी राकांपा (एसपी) दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के किरण सरनाइक आगे चल रहे हैं। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े बढ़त बनाए हुए हैं।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राकांपा (एसपी) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव जीत की ओर बढ़ती दिख रही हैं। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राकांपा (एसपी) के प्रतापसिंह पाटिल आगे चल रहे हैं।

यह भी पढ़ें- विधान परिषद चुनाव के नतीजों में कांग्रेस का खाता शून्य, चुनावी रण में क्यों संघर्ष कर रही पार्टी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here