
बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र के बालुवापुर गांव में शनिवार शाम एक आवारा कुत्ते ने छह वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे को बचाने पहुंचे उसके पिता पर भी कुत्ते ने हमला किया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद कुत्ता भागा और गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, रामगांव थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद अहमद शनिवार को अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ बालुवापुर स्थित अपनी ससुराल आए थे। शाम के समय उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। बच्चे की चीख सुनकर पिता मोहम्मद अहमद उसे बचाने दौड़े, तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। बच्चे और पिता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने डंडे लेकर कुत्ते को खदेड़ा, जिसके बाद वह बच्चे को छोड़कर भाग गया। हमले में बच्चे की जांघ पर गंभीर घाव हो गए हैं, जबकि पिता भी घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे का इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।



























