जुनेद अहमद | रामनगर सेमरा(नानपारा), बहराइच2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नवाबगंज के चौगड़वा स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (APHC) में अव्यवस्था का आलम है। यहां चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते, जिसके चलते मरीजों को बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ रहा है।
यह सात बिस्तरों वाला स्वास्थ्य केंद्र एक्स-रे मशीन, पैथोलॉजी और अन्य आवश्यक सुविधाओं से वंचित है। केंद्र में दवाओं की भी अक्सर कमी बनी रहती है। कई बार यह स्वास्थ्य केंद्र चौकीदार के भरोसे ही खुलता है।
शनिवार को भी केंद्र सुबह 8 बजे खुलने का निर्धारित समय था, लेकिन 10 बजे तक कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था। मिर्जा फाटा गांव निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से ही डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे।

चांद बाबू, नदीम, वाहिद और शाहजहां सहित कई अन्य मरीज भी दो घंटे तक इंतजार करने के बाद बिना इलाज के ही वापस लौट गए। मरीजों को इलाज न मिलने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. मुकीम अहमद अक्सर छुट्टी पर रहते हैं। अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति भी आम बात है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। इलाज न मिलने के कारण मजबूरन मरीज झोलाछाप डॉक्टरों के पास जाने को विवश हैं।
इस संबंध में जब सीएचसी अधीक्षक चरदा थानेदार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।




























