
पनियरा थाना क्षेत्र के सतगुरु ग्राम पंचायत में गोलघर चौराहे के पास एक बंद मकान में चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने चैनल गेट का ताला तोड़कर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 30,500 रुपये नकद चुरा लिए। पीड़िता ने पनियरा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। गांव निवासी नीलम देवी पत्नी अजय सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 27 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई थीं। घर में ताला लगा हुआ था। 28 अगस्त की शाम करीब छह बजे जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ मिला और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। पीड़िता के अनुसार, चोरों ने सोने का बड़ा मंगलसूत्र, छोटा मंगलसूत्र, बाला, झुमका, अंगूठी, दो चेन और नथुनी चुरा लिए। इसके अतिरिक्त, चांदी की पायल, पाजेब और बिछिया भी गायब थीं। घर में रखे 30,500 रुपये नकद भी चोरी हो गए। चोरी हुए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने पुलिस से अज्ञात चोरों का पता लगाकर चोरी का सामान बरामद करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।



























