Home उत्तर प्रदेश अमरहवा में जलभराव से कब्रिस्तान डूबा:बारिश और राप्ती के पानी से गांव...

अमरहवा में जलभराव से कब्रिस्तान डूबा:बारिश और राप्ती के पानी से गांव में जलभराव, ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर किया प्रदर्शन

0
2


श्रावस्ती जिले के सिरसिया विकासखंड के तराई क्षेत्र में 24 अगस्त से एक सितंबर तक रुक-रुककर हुई बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ग्राम पंचायत अमरहवा में बारिश और राप्ती नदी के पानी से भारी जलभराव हो गया है। कई घरों में गंदा पानी घुस गया है, जबकि गांव के मुख्य रास्ते पर घुटनों तक पानी भरा होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। कब्रिस्तान में भी घुटनों तक पानी भर जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को पानी के अंदर खड़े होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे मुस्तफा ने बताया कि कब्रिस्तान में पानी भर जाने से जनाजे की नमाज पढ़ने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि लगातार जलभराव के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। फरीद अहमद, तुलाराम वर्मा, हाफिज अफदाल अहमद और खैराती जैसे ग्रामीणों ने बताया कि पानी निकालने की अच्छी व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी गांव में जमा हो गया है। मुख्य रास्ते से लेकर घरों और कब्रिस्तान तक पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से सिरसिया विकासखंड के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है। जगह-जगह कीचड़ और पानी के कारण राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। कई स्कूलों के बाहर जलभराव और कीचड़ होने से बच्चों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। कपड़े कीचड़ से खराब होने के कारण कई छात्रों की कक्षाएं भी छूट रही हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग से अमरहवा में पानी निकालने की व्यवस्था कराकर समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here