
मिहींपुरवा तहसील के उर्रा में बिजली उपकेंद्र बनाने समेत 6 मांगों को लेकर युवाओं का आमरण अनशन चौथे दिन भी जारी है। इस दौरान अनशन पर बैठे एक युवा की तबीयत बिगड़ गई। युवा की हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के डॉक्टर प्रमोद वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनशन पर बैठे युवा की जांच की और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह देते हुए कहा कि हम आप लोगों का इलाज करने के लिए रेडी है। हालांकि, अनशन का नेतृत्व कर रहे युवाओं ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। उन्होंने मांग की कि जिस तरह बड़े नेताओं के बीमार होने पर सभी मेडिकल उपकरण उनके घर पहुंच जाते हैं, उसी तरह अनशन स्थल पर ही सभी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनका इलाज किया जाए। अनशन कर रहे युवाओं का कहना है कि चार दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें अधिकारियों से कोई सही जवाब नहीं मिला है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताई और कहा कि कोई भी नेता उनका हाल जानने तक नहीं आया है।






























