
श्रावस्ती के गिलौला ब्लॉक की ग्राम सभा बरदेहरा में परिवार रजिस्टर की नकल में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बरदेहरा गांव के रहने वाले रामदीन पुत्र गोदे ने आरोप लगाया है कि उनके मृतक भाई रामकुमार की पत्नी सुभावती ने ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी की मिलीभगत से परिवार रजिस्टर में अपना नाम गलत तरीके से दर्ज करा लिया है। रामदीन का कहना है कि उनके भाई रामकुमार की मौत पहले ही हो चुकी है। इसके बावजूद उनकी पत्नी सुभावती ने ग्राम प्रधान और सचिव से मिलकर मकान नंबर 115/ब की परिवार रजिस्टर नकल 2012-13 में गड़बड़ी की है। आरोप है कि असली परिवार रजिस्टर में काट-छांट कर और नए नाम जोड़कर फर्जी नकल बनाई गई है। इस नकल में मृतक रामकुमार के परिवार के नाम के साथ सुभावती का नाम भी गलत तरीके से दर्ज कर दिया गया है। पीड़ित का कहना है कि इस फर्जीवाड़े के कारण उन्हें भविष्य में परिवार की संपत्ति और सरकारी योजनाओं से जुड़े कागजातों में बहुत दिक्कत हो सकती है। रामदीन ने कई बार ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर शिकायत की, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। अब रामदीन ने श्रावस्ती के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि परिवार रजिस्टर जैसे जरूरी सरकारी दस्तावेज में गलत नाम दर्ज करने वाले ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, गलत तरीके से दर्ज किए गए नाम को तुरंत हटाया जाए।






























