अमर श्रीवास्तव | बलरामपुर सदर, बलरामपुर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों को जल्दी और अच्छी तरह निपटाने के लिए पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बुधवार, 02 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को एसपी ने एक-एक कर ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सही कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और महिला उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें खास तौर पर सामने आईं। एसपी ने मामलों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों से गूगल मीट के माध्यम से सीधी बात की। उन्होंने शिकायतों के जल्द निपटारे के लिए जरूरी निर्देश भी दिए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को साफ निर्देश दिया कि हर शिकायत की सही जांच करते हुए समय पर, सही और कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भूमि विवाद और चकबंदी से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की मिलकर टीम बनाकर मौके पर जाकर नाप-जोख कराने और नियमों के हिसाब से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में तुरंत कानूनी कार्रवाई के साथ महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देने को कहा गया।
साइबर फ्रॉड की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित मामलों को साइबर सेल को भेजने और 24 घंटे के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क करने और कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जनता के साथ अच्छा और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत देते हुए कहा कि थाने पर आने वाले हर फरियादी की समस्या को ध्यान से सुना जाए और उसे पूरी मदद दी जाए। उन्होंने शिकायतों के निपटारे की गुणवत्ता की खुद समीक्षा करने की बात भी कही।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि आम लोगों की शिकायतों का जल्दी समाधान और पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। बलरामपुर पुलिस आम लोगों की सेवा, सुरक्षा और न्याय के लिए तैयार है।
































