
घाघरा नदी के जलस्तर में कमी आने से राहत मिली है। चौधरी चरण सिंह झंघा घाघरा बैराज पर पानी का बढ़ना रुक गया है और अब जलस्तर स्थिर बना हुआ है। पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा था। अब पानी स्थिर होने से ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। बैराज पर जलस्तर स्थिर होने से सुजौली थाना क्षेत्र के रामपुर रेतिया, संपतपुरवा, गुप्तापुरवा, धरमपुर रेतिया, त्रिलोकी गौढ़ी, टिलवा, मुजवा, चहलवा और मौरहवा गांवों में बाढ़ का खतरा टल गया है। इन गांवों में पहले पानी घुसने से लोगों में चिंता थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है। रामपुर रेतिया के दशपूर्वा और पुलिया पर बह रहा पानी भी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है।
































