
ग्राम पंचायत बेलवा विनोहनी क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मिलान से दीप्ति सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन शुक्ला, उर्मिला श्रीवास्तव, अनिता तिवारी और सहायिका राधिका देवी ने बच्चों को श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और जन्माष्टमी के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम में बच्चों को श्रीकृष्ण, राधा और अन्य धार्मिक पात्रों की वेशभूषा में सजाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी को आकर्षित किया। एक बच्चे को श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप में सजाया गया, जो कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। आंगनबाड़ी केंद्र को रंग-बिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। बच्चों के लिए कई तरह की गतिविधियां कराई गईं। महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव से जुड़े गीत और भजन गाए गए। बच्चों को पर्व का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व समझाते हुए आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, अभिभावक और कई बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जोड़ना और उनमें रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि पैदा करना था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की। उनका कहना था कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में मदद करते हैं और उनमें सामाजिक मेलजोल, आत्मविश्वास तथा अपनी संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाते हैं।
Home उत्तर प्रदेश बेलवा विनोहनी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मनाई जन्माष्टमी:बच्चों को श्रीकृष्ण के बाल...
































