
घुघली विकासखंड की शहीद ग्रामसभा विशनपुर गबडुआ में सफाई व्यवस्था खराब हो गई है। गांव में जगह-जगह कूड़ा-कचरा फैला हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। कई जगहों पर नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों और आसपास के रास्तों पर बह रहा है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव नहीं आते हैं। इस वजह से गांव की हालत लगातार बिगड़ रही है। कूड़े के ढेर से बदबू आ रही है और मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। ग्रामीण मिथुन, अजय, आकाश और अमरनाथ ने बताया कि नालियों की सफाई न होने से बरसात के समय पानी निकलने की समस्या और बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से गांव में खास सफाई अभियान चलाने, कूड़ा हटवाने और नालियों की तुरंत सफाई कराने की मांग की है।
































