
बरियारपुर टोला बगहिया स्थित शिव मंदिर परिसर की अधूरी यज्ञशाला में एक साथ 15 कबूतर मृत मिले, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कबूतरों के मृत पड़े होने की जानकारी जैसे ही मिली, जिसके बाद मौके पर बड़ी भीड़ जमा हो गई। मृत कबूतरों के आसपास गेहूं के दाने बिखरे मिले। इसे लेकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि दानों में कोई दवा या जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है। ग्रामीणों का दावा है कि दाना खाने के बाद ही कबूतरों की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत की असली वजह जांच के बाद ही पता चलेगी। घटना की खबर मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। वहीं, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि डॉक्टरों की टीम मौके पर भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, एक साथ 15 कबूतरों की मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
































