
श्रावस्ती जिले की इकौना तहसील में तरवा महंत स्थित सीता द्वार मंदिर की सीताकुंड झील इन दिनों जलकुंभी, घास और कचरे से भर गई है। झील की सफाई न होने के कारण यहां स्नान करने और जल भरने आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कई सालों से है, लेकिन अब तक झील की ठीक से सफाई नहीं हो सकी है। श्रद्धालु और क्षेत्रवासी प्रशासन से जल्द से जल्द झील की साफ-सफाई कराने की मांग कर रहे हैं। मंदिर के महंत पंडित संतोष दास तिवारी ने बताया कि श्रद्धालु सीता माता का आशीर्वाद लेने और अपनी मनोकामना पूरी होने की कामना से मंदिर आते हैं। श्रद्धालु सीताकुंड झील से जल भी भरकर ले जाते हैं, लेकिन झील में बड़ी मात्रा में जलकुंभी, घास और कचरा भरा होने से उन्हें बहुत परेशानी होती है। महंत और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि झील की जल्द सफाई कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो।































