
मिठौरा ब्लॉक के पिपरा सोनाड़ी गांव में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान गांव में मटका फोड़ कार्यक्रम हुआ। करीब 10 फीट की ऊंचाई पर रस्सी से मटकी बांधी गई थी। कीचड़ भरे मैदान में दर्जनों बच्चों और युवाओं ने मटकी फोड़ने के लिए खूब कोशिश की। काफी कोशिशों के बाद मटकी फूटते ही पूरा इलाका ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ भगवान श्रीकृष्ण की झांकी निकाली गई। झांकी में राधा-कृष्ण, बलराम और सुदामा के रूप खास आकर्षण रहे। भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर झांकी गांव के अलग-अलग रास्तों से गुजरी। जगह-जगह ग्रामीणों ने फूल बरसाकर झांकी का स्वागत किया और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। झांकी और मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक मंतोष कुमार विश्वकर्मा के साथ विजय विश्वकर्मा, पन्ने यादव, गोपाल यादव, गोलू चौधरी, मनीष दीक्षित, अंकित शर्मा, अभय शर्मा, दिलीप गुप्ता, राहुल विश्वकर्मा और दूसरे ग्रामीणों ने सहयोग किया।
































