
गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के बजरमुंडा गांव में शनिवार को 30 वर्षीय विवाहिता लीलावती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह अमित मौर्य की पत्नी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, लीलावती पति के साथ बजरमुंडा गांव में रहती थी। बताया गया कि शनिवार को घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर लीलावती के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अभी किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
































