
महराजगंज के तहसील सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। इस दौरान शिकायतकर्ताओं ने अपनी अलग-अलग समस्याओं को लेकर अधिकारियों के सामने शिकायतें कीं। समाधान दिवस में कुल 20 मामले आए, जिनमें से दो मामलों को मौके पर ही निपटा दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस और विकास सहित कई विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर लोग पहुंचे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का सही और तय समय में निपटारा करने के निर्देश दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी सदर शिवम कुमार, तहसीलदार पंकज साही, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह, अंकुर कुमार गौतम समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि समाधान दिवस का मकसद लोगों की समस्याओं का जल्दी हल करना और उन्हें सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देना है। अधिकारियों ने पेंडिंग मामलों को निपटाने में किसी तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की मौके पर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायतों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा भी दिया।
































