Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश गन्ने का दाम 500 रुपए प्रति कुंतल करने की मांग:बभनान में विनोद...

गन्ने का दाम 500 रुपए प्रति कुंतल करने की मांग:बभनान में विनोद सिंह ने उठाई आवाज; मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा

बभनान में गन्ने का दाम कम से कम 500 रुपए प्रति कुंतल करने की मांग की गई है। किसान नेता और सहकारी गन्ना विकास समिति बभनान के पूर्व चेयरमैन विनोद सिंह ने किसानों की यह मांग शासन तक पहुंचाई। सोमवार को उनके बेटे और समिति के अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी बस्ती को सौंपा।
ज्ञापन में गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति और खेती की बढ़ती लागत का जिक्र किया गया। इसमें कहा गया कि मौजूदा महंगाई को देखते हुए गन्ने का दाम कम से कम 500 रुपए प्रति कुंतल तय किया जाए, ताकि किसानों को उत्पादन लागत के मुताबिक मूल्य मिल सके।
विनोद सिंह ने कहा कि गन्ने की खेती में खाद, बीज, मजदूरी, सिंचाई और दूसरे कामों का खर्च लगातार बढ़ रहा है। किसानों को उनकी उपज का अपेक्षित दाम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से किसान हित में गन्ने के दाम पर विचार करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि गन्ने का दाम चीनी मिलों के चलने से पहले तय किया जाए। अन्य फसलों के दाम भी फसल तैयार होने से पहले घोषित किए जाते हैं। इससे किसानों को समय रहते अपनी उपज के दाम की जानकारी मिल सकेगी।
विनोद सिंह और अखण्ड प्रताप सिंह ने क्षेत्र के गन्ना किसानों की दूसरी समस्याएं भी जिलाधिकारी के सामने रखीं। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगें और समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम जारी रहेगा।
विनोद सिंह ने कहा कि किसानों की मांगें उठाई जाएंगी और जरूरत पड़ने पर किसान हित में हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।