Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश सिसवा चीनी मिल की किसानों को अहम सलाह:गन्ना पर्चियों में चूक से...

सिसवा चीनी मिल की किसानों को अहम सलाह:गन्ना पर्चियों में चूक से बचने को किसान रहें सतर्क, मोबाइल इनबॉक्स खाली रखने के साथ डीएनडी से बनाएं दूरी

0
3

गन्ना पेराई सत्र के दौरान सिसवा क्षेत्र के किसानों को गन्ना पर्चियों से जुड़ी सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने के लिए आईपीएल चीनी मिल सिसवा के गन्ना विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल की छोटी सी लापरवाही गन्ना पर्चियों से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों की जानकारी से किसानों को वंचित कर सकती है। ऐसे में किसानों को अपना मोबाइल इनबॉक्स खाली रखने, डीएनडी (डू नॉट डिस्टर्ब) सेवा सक्रिय नहीं करने और मोबाइल की इनकमिंग चालू रखने की अपील की गई है।
आईपीएल चीनी मिल सिसवा के गन्ना विभागाध्यक्ष धीरज सिंह ने किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा कि गन्ना पर्चियों और अन्य आवश्यक सूचनाओं के लिए अपने मोबाइल को हमेशा संदेश प्राप्त करने योग्य स्थिति में रखें। मोबाइल का इनबॉक्स भरा होने अथवा डीएनडी सेवा सक्रिय रहने से जरूरी संदेश प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए किसान समय-समय पर अपना इनबॉक्स खाली करते रहें और मोबाइल की इनकमिंग सेवा भी चालू रखें।
उन्होंने बताया कि किसानों को गन्ना पर्ची, गन्ना कैलेंडर, पर्चियों की कुल संख्या और उनके जारी होने से संबंधित समस्त जानकारियां ई-गन्ना ऐप पर भी उपलब्ध हैं। किसान इस ऐप के माध्यम से घर बैठे अपनी पर्चियों का विवरण देख सकते हैं और गन्ना आपूर्ति से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
धीरज सिंह ने कहा कि चीनी मिल प्रबंधन का प्रयास है कि किसानों को गन्ना आपूर्ति से संबंधित सूचनाएं समयबद्ध तरीके से मिलती रहें और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए किसानों का भी जागरूक रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने सभी गन्ना किसानों से अपील की कि मोबाइल इनबॉक्स खाली रखने, डीएनडी से दूरी बनाने और इनकमिंग चालू रखने जैसी छोटी-छोटी सावधानियों को गंभीरता से अपनाएं। साथ ही ई-गन्ना ऐप का उपयोग कर पर्चियों और कैलेंडर की जानकारी स्वयं प्राप्त करें, ताकि गन्ना आपूर्ति की प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।