
सेमरी बाजार स्थित पं. सच्चिदानंद इंटर कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर महान शिक्षाविद और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को बैज लगाकर सम्मानित किया और उन्हें पुरस्कार व मिठाई भेंट की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य राहुल मिश्र ने फीता काटकर की। इसके बाद उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माला चढ़ाई और फूल अर्पित किए। प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षकों ने केक काटकर उनकी जयंती मनाई। शिक्षक प्रेम सागर यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक जीवन में सही दिशा दिखाने वाला मार्गदर्शक होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को हमेशा अपने शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए और अनुशासन, मेहनत व अच्छे व्यवहार को जीवन का आधार बनाना चाहिए। वहीं, शिक्षक मोहम्मद जमील कुरैशी ने कहा कि “शिक्षक वह दीपक है, जो खुद जलकर दूसरों के जीवन में रोशनी भरता है।” उन्होंने बताया कि शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, नैतिक मूल्य और कर्तव्यबोध भी देते हैं, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ने को कहा। प्रधानाचार्य राहुल मिश्र ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं, जिन्हें शिक्षक ज्ञान और संस्कार से बेहतर इंसान बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और अच्छे व्यवहार के रास्ते पर चलकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने की अपील की। समारोह में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति अपना सम्मान और आभार जताया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोहम्मद जमील कुरैशी ने किया। इस मौके पर राम प्रकाश, प्रेम सागर, मोहम्मद जमील कुरैशी, नरेंद्र प्रताप, सत्यम पाल, सुचिता मिश्रा, रोहिणी गुप्ता, मधु वर्मा, सृष्टि, रेशु सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
































