
श्रावस्ती जनपद के सिरसिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत धन्नीडीह के डौरा बोझी गांव में प्राथमिक विद्यालय के रास्ते पर जलभराव और कीचड़ है। इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही है। बच्चों को इसी गंदे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूल के पास लंबे समय से गंदे पानी के जमा होने की समस्या है। रास्ते के एक हिस्से में कीचड़ और पानी भरा रहता है, जिससे आना-जाना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों को होती है। कीचड़ से गुजरते समय उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं और फिसलने का भी डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के आसपास गंदा पानी जमा होने से बदबू और मच्छरों की समस्या भी बढ़ गई है। इससे बच्चों की सेहत को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के पास पानी निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी अजय मौर्या, वीरेंद्र मौर्या, बंशीलाल मौर्या, रिंकू विश्वकर्मा और बरसाती लाल गौतम समेत कई ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत से इस समस्या को दूर करने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्कूल के आसपास पानी निकासी की व्यवस्था ठीक करने और रास्ते से कीचड़ व जलभराव हटवाने की अपील की है, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी न हो।































