Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश महराजगंज में मॉक ड्रिल के दौरान 10 लोगों का रेस्क्यू:हवाई हमले और...

महराजगंज में मॉक ड्रिल के दौरान 10 लोगों का रेस्क्यू:हवाई हमले और ब्लैकआउट की स्थिति बनाई, 8 एंबुलेंस और 7 फायर टेंडर तैनात

महराजगंज के कलेक्ट्रेट परिसर में रविवार शाम हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल हुई। अभ्यास में 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. के निर्देश पर हुई इस ड्रिल में अलग-अलग विभागों की टीमों ने अपनी तैयारी और आपसी तालमेल दिखाया। इसमें हवाई हमले की चेतावनी, आग लगने और 10 लोगों के फंसने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई।
सायरन बजते ही ब्लैकआउट किया गया और बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने का अभ्यास किया और रेस्क्यू टीम ने सभी 10 लोगों को बाहर निकाला।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों की जांच की। सात लोगों को सामान्य और तीन को गंभीर श्रेणी में रखा गया। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया गया।
ड्रिल के दौरान आठ एंबुलेंस और सात फायर टेंडर तैनात रहे। अभ्यास के जरिए आपात स्थिति में राहत और बचाव की तैयारियां परखी गईं।