बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के भेलवल गांव में धान की रोपाई को लेकर मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप है। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट की अदालत के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
भेलवल गांव के करन पुत्र संतराम ने अदालत में दिए आवेदन में बताया कि वह गांव के अमन सिंह पुत्र चंद्रभान सिंह के यहां खेती-बाड़ी और घरेलू काम करता है। आरोप है कि इसी बात को लेकर देवता सिंह, उनके बेटे शुभम सिंह और बीरबहादुर सिंह के बेटे आदर्श सिंह व उत्कर्ष सिंह उससे नाराज थे।
करन के मुताबिक, 7 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वह अमन सिंह के खेत में धान की रोपाई के बाद उनके घर खाना खाने जा रहा था। रास्ते में चारों ने उसे रोककर गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्द कहे। उन्होंने अमन सिंह के खेत में काम करने से मना किया।
करन का आरोप है कि विरोध करने पर चारों ने लात-घूंसों और डंडे से उसकी पिटाई की। इससे उसके बाएं कान में गंभीर चोट आई। शोर सुनकर अमन सिंह और उनकी मां शैला सिंह मौके पर पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की।
आरोप है कि ग्रामीणों के जुटने पर चारों जान से मारने की धमकी देकर चले गए। करन ने घटना की सीसीटीवी फुटेज होने की बात भी कही है।
करन ने बताया कि थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने अदालत का रुख किया। विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट, बस्ती ने 19 सितंबर 2026 को आवेदन स्वीकार कर केस दर्ज करने का आदेश दिया था।
अदालत के आदेश पर पुलिस ने 21 नवंबर को देवता सिंह, शुभम सिंह, आदर्श सिंह और उत्कर्ष सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
धान रोपाई से नाराज चार लोगों ने युवक को पीटा:अदालत के आदेश पर एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज, भेलवल में जातिसूचक गाली देने का भी आरोप
BREAKING
NEWS

















