Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश मेजर जनरल आनंद कपूर को बरी रखने पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर,...

मेजर जनरल आनंद कपूर को बरी रखने पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर, CBI की दोनों याचिकाएं खारिज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में रिटायर्ड मेजर जनरल आनंद कुमार कपूर की बरी होने के खिलाफ सीबीआई की दो याचिकाएं खारिज कर दी हैं। अदालत ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया, जिसमें कपूर की सजा रद कर दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई की याचिकाएं खारिज कीं

जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई ठोस आधार नहीं है। पीठ ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और दोनों पक्षों की दलीलों पर विचार करने के बाद यह फैसला सुनाया।

दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट ने एक जुलाई 2026 को कपूर की दो आपराधिक अपीलों को स्वीकार करते हुए विशेष सीबीआइ अदालत द्वारा सुनाई गई सजा और संपत्ति जब्ती के आदेश को रद कर दिया था। इसके खिलाफ सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले में हस्तक्षेप से इनकार

सीबीआई का आरोप था कि कपूर ने 14 नवंबर 1971 से 10 अक्टूबर 2007 के बीच अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की थी। एजेंसी ने शुरुआत में 3.37 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का आरोप लगाया था।

विशेष अदालत ने 80 गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद संपत्ति का मूल्य 2.22 करोड़ रुपये आंका था। 27 सितंबर 2016 को कपूर को दोषी ठहराते हुए एक साल की कठोर कैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी।

(न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)