Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home उत्तर प्रदेश सिसवा चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू:सुबह 9 बजे होगा शुभारंभ,...

सिसवा चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू:सुबह 9 बजे होगा शुभारंभ, किसानों के लिए गांववार चार शिफ्टों का समय तय

आईपीएल सिसवा चीनी मिल में आज बुधवार 25 नवंबर से पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ होगा। सुबह नौ बजे शुभ मुहूर्त में पेराई कार्य शुरू किया जाएगा। नए सत्र को लेकर मिल प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। किसानों को गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए गांववार चार शिफ्टों में आपूर्ति का समय निर्धारित किया गया है। चीनी मिल के गन्ना विभागाध्यक्ष धीरज सिंह ने बताया कि पेराई सत्र के शुभारंभ पर किसान निर्धारित समय और अपनी आवंटित शिफ्ट के अनुसार ही गन्ना लेकर मिल गेट पर पहुंचें। इससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रहेगी और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि ए शिफ्ट सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। इसमें हरपुर पकड़ी, चैनपुर, बरवा द्वारिका, बीजापार, भुजौली, लोहेपार, कोठीभार, सबया, बलियवा, गौरी किशुन, मेहदिया, पिपरिया, सिसवा खुर्द और पटखौली सहित संबंधित गांव शामिल हैं। बी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। इसमें सोनबरसा सर्किल-2, बैजनाथपुर, गड़हिया बसंतपुर, बलुअही, रामपुर बांगर, पैकौली, खम्हौरा, रमगढ़वा, गुरली, परसिया, गजौली, लक्ष्मीपुर, करमही, जहदा, अतरडीहा, बरईपार, सोहसा, गौरा निपनिया और पोखरभिंडा सहित निर्धारित गांवों के किसान गन्ना आपूर्ति करेंगे।
सी शिफ्ट शाम छह बजे से रात 12 बजे तक निर्धारित है। इसमें शेषपुर, रानीपुर, मझौवा, अहिरौली, बन्दी, बिलासपुर, बसडीला, गोपाला, रमपुरवा, खेसरारी, कुईयां और बड़हरा महंथ सहित संबंधित गांव शामिल हैं। डी शिफ्ट रात 12 बजे से सुबह छह बजे तक चलेगी। इसमें बलहीखोर, सिसवा बुजुर्ग, मीरगंज, विशुनपुरा, गंगौली, जगरनाथपुर, सुगौली, रायपुर प्रतापपुर, नौगांवा, मधवलिया, सोनबरसा सर्किल-7, रतनपुर, शितलापुर, खजुरिया और चिउटहा सहित अन्य निर्धारित गांवों के किसानों को आपूर्ति करनी होगी।
धीरज सिंह ने विशेष जानकारी देते हुए बताया कि रात 12 बजे से तीन बजे तक गन्ना आपूर्ति का समय फ्री रहेगा। इस दौरान निर्धारित शिफ्ट में किसी कारणवश गन्ना नहीं पहुंचा पाने वाले किसान भी अपनी उपज मिल गेट पर ला सकेंगे। उन्होंने किसानों से निर्धारित समय सारणी का पालन करने और पेराई सत्र को सफल बनाने में मिल प्रबंधन का सहयोग करने की अपील की।