कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर मंगलवार को महराजगंज जिले के नदी घाटों पर श्रद्धालु जुटे। ब्रह्ममुहूर्त में रोहिन नदी के त्रिमुहानी घाट, भौराबारी नदी, छोटी गंडक, करमैनी नदी और चानकी नदी समेत कई घाटों पर लोगों ने स्नान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर गंगे’ के जयकारे लगाए। स्नान के लिए आधी रात से ही घाटों पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह तक महिलाओं और पुरुषों की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं ने नदियों में स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। स्नान के बाद लोगों ने ब्राह्मणों को गोदान किया और अन्न व वस्त्र दान किए। घाटों के पास लगे मेले में मिठाई, श्रृंगार सामग्री, खिलौने और घरेलू रसोई के सामान की दुकानें लगी थीं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए महराजगंज पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और फरेंदा क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने त्रिमुहानी घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिले के अलग-अलग घाटों पर जल पुलिस, महिला पुलिस, एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें और पुलिस बल तैनात रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर नदी घाटों पर श्रद्धालु जुटे:महराजगंज में त्रिमुहानी समेत कई घाटों पर आधी रात से स्नान; पुलिस, जल पुलिस और NDRF-SDRF की टीमें तैनात
BREAKING
NEWS

















