श्रावस्ती के भिनगा में इटवरिया चौराहे पर बुधवार देर रात करीब 1 बजे आइसक्रीम लदा ई-रिक्शा पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। चालक अमरेश को चोट नहीं आई, लेकिन वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इकौना निवासी अमरेश ई-रिक्शा से मल्हीपुर से इकौना जा रहा था। घना कोहरा था और अचानक सड़क पर जानवर आ गया। इससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अधूरी सड़क और किनारे पड़ी मिट्टी पर चढ़ने के बाद ई-रिक्शा गड्ढे में जा गिरा। स्थानीय लोगों और चालक ने निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा बैरियर और रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं है। इससे रात में राहगीरों को खतरा बना हुआ है। चालक के मुताबिक, हादसे के कई घंटे बाद तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उसने ई-रिक्शा के नुकसान की भरपाई और पुलिया के पास तुरंत बैरिकेडिंग व रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है।

































