Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश SIR में दस्तावेज संग्रह के लिए पुलिस के घर-घर जाने पर सियासी...

SIR में दस्तावेज संग्रह के लिए पुलिस के घर-घर जाने पर सियासी संग्राम, वाममोर्चा ने जिलाधिकारी को सौंपा विरोध पत्र

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। एसआईआर की प्रक्रिया में मतदाता सूची से नाम कटने के बाद न्यायाधिकरण में विचाराधीन मामलों के मतदाताओं के दस्तावेज जुटाने के लिए पुलिस के घर-घर पहुंचने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

हावड़ा के विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र की प्रतियां मांगे जाने से लोग असमंजस में हैं। हावड़ा जिला वाममोर्चा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आपत्ति जताई है और इस मुद्दे पर बैठक बुलाने की मांग की है।

हावड़ा सिटी पुलिस और हावड़ा ग्रामीण पुलिस के विभिन्न थानों की ओर से न्यायाधिकरण में विचाराधीन मतदाताओं के दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

पुलिस के अचानक घर पहुंचकर दस्तावेज मांगने से कई लोग हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि राज्य पुलिस के स्तर से सभी जिलों के थानों को न्यायाधिकरण में विचाराधीन मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। उसी के तहत यह काम किया जा रहा है।

वहीं, माकपा के पूर्व पार्षद आजबहार अली मिद्दे ने सवाल उठाया कि दस्तावेज जुटाने का काम निर्वाचन अधिकारियों और बूथ स्तर के अधिकारियों का है, लेकिन उन्हें इस प्रक्रिया की जानकारी तक नहीं है। अप्रैल से उनका नाम भी न्यायाधिकरण में विचाराधीन है और पुलिस अचानक घर पहुंचकर दस्तावेज मांग रही है।

हावड़ा जिला वाममोर्चा के संयोजक परेश पाल ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया पर चर्चा के लिए बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। वाममोर्चा ने सवाल उठाया है कि आम लोगों को पूर्व सूचना दिए बिना और सर्वदलीय बैठक किए बिना पुलिस को दस्तावेज जुटाने की जिम्मेदारी क्यों दी गई।