महराजगंज के मिठौरा चौक मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे टेंपो खड़ी डीसीएम से टकरा गया। हादसे में टेंपो चालक श्रीराम गुप्ता और उसके साथ बैठा करीब 12 साल का छोटू गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
हादसा मोरवन गांव के पश्चिम में पुलिया के पास हुआ। पुलिया के उत्तर तरफ नया घर के पास डीसीएम खड़ी थी। मिठौरा की ओर से आ रहा टेंपो अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया।
टेंपो और डीसीएम के नंबर क्रमश: यूपी 56 टी 8344 और यूपी 47 टी 0977 हैं। श्रीराम गुप्ता (49) गोबरी के बेटे हैं और पिपरा सोनाड़ी गांव के निवासी हैं। छोटू भागवत गुप्ता का बेटा है और वह भी इसी गांव का रहने वाला है। श्रीराम कबाड़ी का काम करते हैं।
टक्कर में टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। श्रीराम के दाहिने पैर का घुटना टूट गया और शरीर पर चोटें आईं। छोटू के पैर और शरीर पर भी चोटें लगीं।
सूचना मिलने पर मिठौरा चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल और कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव व कन्हैया वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी जगदौर, मिठौरा भेजा।
चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। अभी किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।




















