मोटरसाइकिल की टक्कर से बुजुर्ग घायल।
बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चौखड़ा में अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने साइकिल से जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में पगार निवासी जटाशंकर तिवारी (70), पुत्र स्व. बद्री तिवारी, गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया और डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, घायल को जिला अस्पताल ले जाने के लिए सुबह करीब 11 बजे से एंबुलेंस के लिए फोन किया जा रहा था। एंबुलेंस दोपहर एक बजे के बाद पहुंची। परिजनों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो उन्हें इंतजार नहीं करना पड़ता।
टक्कर मारने वाला मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
















