श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी रेंज स्थित राप्ती पौधशाला में वन विभाग ने इस साल पांच लाख पौधे तैयार किए हैं। इनमें से करीब डेढ़ लाख पौधे सरकारी विभागों को बांटे जा चुके हैं। बाकी पौधे भी पौधरोपण के लिए उपलब्ध हैं।
.
वन विभाग का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। ग्राम पंचायतों में यूकेलिप्टस के पौधों की मांग सबसे ज्यादा है।
पौधशाला में अमरूद, आंवला, कदम, सागवान, शीशम और साखू के पौधे भी तैयार किए गए हैं। इनकी मांग यूकेलिप्टस के मुकाबले कम रहती है। विभाग ने कहा कि सभी प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं।
वन विभाग के मुताबिक, पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए सिर्फ एक प्रजाति के पौधे लगाना काफी नहीं है। फलदार और छायादार पौधे लगाने से पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को फल और छाया भी मिलेगी।
विभाग ने ग्राम पंचायतों, स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और आम नागरिकों से पौधे लेकर लगाने की अपील की है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई करने को भी कहा है।
















