खड़ी डीसीएम से टेंपो टकराया, दो लोग गंभीर घायल।
महराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र में मिठौरा-चौक मार्ग पर शुक्रवार देर शाम टेंपो खड़ी डीसीएम से टकरा गया। हादसे में टेंपो चालक और उसमें सवार 12 साल का नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
हादसा मोरवन गांव के पश्चिम पुलिया के पास हुआ। मिठौरा की ओर से आ रहा टेंपो अनियंत्रित होकर पुलिया के पास खड़ी डीसीएम से पीछे से टकरा गया।
घायलों की पहचान पिपरा सोनाड़ी गांव के श्रीराम गुप्ता (49), पिता गोबरी, और भागवत गुप्ता के बेटे छोटू (करीब 12 साल) के रूप में हुई है। श्रीराम गुप्ता कबाड़ी का काम करते हैं।
पुलिया के उत्तर तरफ एक नए मकान के पास डीसीएम नंबर यूपी 47 टी 0977 खड़ी थी। टेंपो नंबर यूपी 56 टी 8344 उससे टकरा गया। टक्कर से टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मिठौरा चौकी प्रभारी सौरभ कुमार पटेल, कांस्टेबल शैलेन्द्र यादव और कन्हैया वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर (मिठौरा) पहुंचाया।
श्रीराम गुप्ता के दाहिने घुटने में फ्रैक्चर हुआ है। उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। छोटू के पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है।
चौकी प्रभारी सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है।
















